Kanpur/Naman Agarwal : अपने आप को भाजपा नेता बताने वाला धीरज चड्ढा हुआ गिरफ्तार। सपा विधायक नसीम सोलंकी को फ़ोन पर धमकाने एवं अभद्रता करने के चलते हुई गिरफ्तारी।
कानपुर के सीसामऊ से विधायक नसीम सोलंकी को भाजपा नेता द्वारा धमकी दिए जाने पर सपाइयों द्वारा देर रात थाने पर जमकर हंगामा हुआ। सपा नेताओं का कहना था कि पुलिस धमकी देने वाले को गिरफ्तार करें। उधर सपाइयों का हंगामा जारी रहा और इधर पुलिस ने विधायक को धमकी देने वाले की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगा दी। देर रात भाजपा नेता को उसके घर से गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम पहुंची। लेकिन इसके पहले ही वह घर से फरार हो गया।
जिसके बाद पुलिस ने परिवार वालों को सलाह दी कि हाजिर करवा दो नहीं तो पुलिस कड़ाई से पेश आएगी। वहीं डीसीपी सेंट्रल दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी धीरज चड्ढा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला –
कानपुर में बीते गुरुवार को सपा विधायक नसीम सोलंकी और अपने आप को भाजपा नेता बताने वाले धीरज चड्ढा के बीच बड़ी बहस हुई थी। फोन पर हुई इस बहस में दोनों तरफ से अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया। धीरज चड्ढा ने कहा कि कोर्ट से आपको नोटिस गया है। इसके बाद भी आप हाजिर नहीं हो रही है। आपके क्षेत्र में अलाव नहीं जल रहा है। इस पर नसीम सोलंकी ने कहा कि बहुत जगह पर अलाव जल रहा है तो सामने से आवाज आती है कि आपके घर में जल रहा है क्या? इतना ही नहीं धीरज चड्ढा ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर भी अभद्र टिपण्णी कर डाली।

वहीं सपा विधायक और भाजपा नेता के बीच हुई बहस और अभद्र व्यवहार को लेकर सपा में जबरदस्त आक्रोश दिखा। स्वरूपनगर थाने पहुंचकर उन्होंने जमकर हंगामा किया और धीरज चड्ढा की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने धीरज चड्ढा की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगा दी और उसे विनायकपुर से गिरफ्तार किया गया। डीसीपी सेंट्रल दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस टीम ने रात में कई जगह छापामारी की। जिसेके बाद धीरज चड्ढा को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।